
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरडी रबर कंपनी के मजदूर हूल दिवस के दिन थाली- ताली पीट कर कंपनी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया. साथ ही हूल दिवस होने के कारण तमाम मजदूरों ने एकमत होकर कंपनी के खिलाफ हूल जोहार का नारा लगाकर एक और हूल आंदोलन के शुरुआत की चेतावनी भी. वहीं मामले को लेकर राष्ट्रीय यूथ इंटक के प्रतिनिधि राजीव पांडेय एवं जिला यूथ कांग्रेस के महासचिव अमन ओझा के नेतृत्व में कंपनी के सारे मजदूरों ने कंपनी के मुख्य गेट के बाहर आंदोलनरत होकर कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया. वैसे मजदूरों की माने तो उन्हें पिछले साल से ही वेतन नहीं दिया जा रहा है, और प्रबंधन से बात करने पर उन्हें कानूनी दांवपेच में फंसा देने की बातें कहीं जा रही है. अब मजदूरों के हक के लिए यूथ इंटक संगठन मजदूरों के साथ सड़क पर बैठ कर अपना आंदोलन शुरू कर चुके हैं. और उन्होंने आगे भी आंदोलन जारी रखने की धमकी दी. आपको बता दें कि लॉकडाउन कार्यकाल के दौरान देश के प्रधानमंत्री ने तमाम कंपनियों को अपने मजदूरों को वेतन देने का आदेश जारी किया था, लेकिन उन तमाम दिशा निर्देशों को दर किनार करते हुए कंपनी ने किसी भी स्थाई चाहे अस्थाई मजदूर को एक भी पैसा वेतन नहीं दिया है. जिससे मजदूरों में काफी रोष है. यहां तक की मजदूरों को मिलने वाला आवश्यक प्रोविडेंट फंड और ईएसआइसी की सुविधा से भी वंचित कर दिया गया है.





