सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर से 8 जनवरी से लापता किशोरी को पुलिस ने सोमवार देर रात सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में आरोपी युवक शम्भु मिर्धा को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सावेया ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी युवक लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में काफी कठिनाई आ रही थी. उन्होंने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया. एसआईटी में शामिल जांच पदाधिकारी राजेंद्र कुमार ने तकनीकी सेल की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और अंततः सोमवार देर रात उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली. इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक और किशोरी दोनों को बरामद कर लिया. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के बाद दोनों से पूछताछ की गई, जिसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आरोपी युवक शम्भु मिर्धा को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि किशोरी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के सुपुर्द कर दिया गया है. इस पूरी कार्रवाई के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद किशोरी के परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस का आभार जताया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.



