पटना: बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में मंगलवार की सुबह उस वक्त मातम में बदल गई जब भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई. मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी, लेकिन अचानक मची अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे.इस भगदड़ में 9 महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि कई लोग जख्मी हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेजा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं.हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस घटना से अत्यंत मर्माहत हैं और उन्होंने तुरंत राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. (नीचे भी पढ़े)
नीतीश कुमार ने मृतकों के आश्रितों के लिए कुल 6 लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान की घोषणा की है, जिसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे.मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और घायलों के समुचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सरकार ने साफ किया है कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी.घटना के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है. वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है और राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज कराया जा रहा है.इस हादसे के बाद मंदिरों और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ऐसे आयोजनों में बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.नालंदा में हुई भगदड़ की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और इसमें अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं.



