
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम पर एस टाईप में धार्मिक स्थल जबरन तोड़ने का आरोप लगा है. वैसे निगम के इस रवैये के खिलाफ स्थानीय लोगों में आक्रोश है, और इसको लेकर एस टाइप के स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल आज निगम कार्यालय पहुंचा. हालांकि इस दौरान निगम कार्यालय में एक भी अधिकारी मौजूद नहीं थे. वहीं निगम के रवैये के खिलाफ अब स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है. जानकारी देते हुए स्थानीय संजीव सिंह ने बताया कि जिस जगह पर आदित्यपुर नगर निगम द्वारा धार्मिक स्थल को अतिक्रमण स्थल बताकर क्षतिग्रस्त किया गया है, वहां वर्षों से दुर्गा पूजा सहित कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है. इसको लेकर निगम के मेयर द्वारा उन्हें आश्वस्त भी किया गया था कि उक्त स्थल को धार्मिक अनुष्ठान के लिए प्रयोग में लाया जाए निगम द्वारा कभी इस पर आपत्ति नहीं किया जाएगा. बावजूद इसके नगर निगम के आयुक्त और जेई द्वारा जबरन आनन-फानन में उक्त स्थल को छतिग्रस्त करते हुए धार्मिक भावना के साथ खिलवाड़ किया गया है. उन्होंने बताया इसको लेकर जल्द ही स्थानीय लोग उग्र आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं.







