
आदित्यपुर: केंद्र सरकार के महत्वकांक्षी योजना उन्नत भारत मिशन का असर जमशेदपुर में भी दिख रहा है. जमशेदपुर एनआईटी ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है. वैसे झारखंड में इस अभियान से जुड़ने का मौका एनआईटी जमशेदपुर को ही मिला है. एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों ने इस अभियान पर काम भी शुरू कर दिया है इसकी जानकारी देते हुए एनआईटी के प्रोफेसर सा कार्यक्रम को-ऑर्डिनेटर रंजीत प्रसाद ने बताया कि पहले चरण में सरायकेला- खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड के डोडा, रापचा और पिंडराबेड़ा में सर्वे का काम किया गया है, जबकि पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड के कुदादा में सर्वे पूरा हो चुका है. उन्होंने बताया, कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गांवों के विकास के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं का अध्ययन कर रिपोर्ट आईआईटी दिल्ली और जिला प्रशासन को देना है.

उन्होंने बताया इससे छात्र-छात्राओं को ग्रामीण सभ्यता की जानकारी होगी. साथ ही गांव के विकास में ये छात्र अपना रिसर्च कर सकेंगे. जिसमें संस्थान के प्रोफेसर और शिक्षक भी सहयोग कर रहे हैं. देशभर के आईआईटी आईआईएम, आईएसएम और एनआईटी इस मिशन में हिस्सा ले रहे हैं. जिसका व्यापक असर भी देखने को मिल रहा है. उन्होंने बताया, कि जिन गांव में एनआईटी जमशेदपुर के छात्रों ने सर्वे किया वहां विकास के व्यापक अवसर हैं. जरूरत है, उन्हें अमलीजामा पहनाते हुए बाजार उपलब्ध कराने की. वैसे इस अभियान में जिला प्रशासन का भी सहयोग मिलने की बात उन्होंने कही. उन्होंने बताया, कि संस्थान अपनी रिपोर्ट जिला प्रशासन के साथ आईआईटी दिल्ली को भी सौंप रहे हैं.













