आदित्यपुर : सरायकेला वन प्रमंडल पदाधिकारी ने टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग से जयप्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक पथ निर्माण के लिए भूमि देने की स्वीकृति दे दी है. इसको लेकर पत्र भी जारी कर दिया गया है. पत्र के अनुसार 0.758 हेक्टेयर भूमि सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इन शर्तो के साथ मिली स्वीकृति : सरायकेला वन प्रमंडल पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में बताया कि इस दौरान जय प्रकाश उद्यान होते हुए सड़क निर्माण के लिए भूमि आवंटन को स्वीकृति प्रदान की गयी है, हालांकि इसमें कई शर्तें भी जोड़ी गयी हैं. स्वीकृति पत्र के अनुसार सड़क कालीकरण/पक्कीकरण के दौरान यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोलतार मिलाने के क्रम में वन क्षेत्र में आग न लगे, इस दौरान उद्यान के वृक्षों की कटाई न करने, वन क्षेत्र की सीमा के भीतर पत्थर की तुड़ाई नहीं किये जाने एवं सड़क की चौड़ाई नहीं बढ़ाने की शर्तें रखी गयी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यही नहीं, सड़क निर्माण के दौरान वन क्षेत्र में श्रमिकों का शिविर नहीं बनाने, नये वन क्षेत्र में खुदाई नहीं करने, सूर्यास्त के बाद सड़क निर्माण कार्य नहीं करने, वन मार्ग के दोनों ओर 10- 10 फीट की दूरी पर बांस गैवियन से पौधारोपण कराने एवं लगाये गये पौधों की 4 वर्ष तक देखभाल करने की शर्त भी इसमें शामिल है. इस सड़क की स्वीकृति मिलने पर पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए यह बड़ी उपलब्धि है. जनता लंबे समय से संघर्षरत थी. उन्होंने बोर्ड की बैठक में उक्त सड़क को शीघ्र पारित कराने का आश्वासन दिया ताकि बरसात से पूर्व क्षेत्र की जनता को सड़क की सौगात मिल सके.



