आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरे पंजाब चौक के पास बुधवार रात करीब 10 बजे एक कलेक्शन एजेंट से चाकू की नोक पर लूटपाट का प्रयास किया गया. स्थानीय लोगों की सतर्कता और बहादुरी से आरोपी अपनी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सका. जानकारी के अनुसार, कलेक्शन एजेंट इमली चौक के पास अपना काम समाप्त कर लौट रहा था. इसी दौरान एक युवक उसका पीछा करने लगा. दयाल ट्रेड सेंटर के समीप आरोपी ने एजेंट को रोक लिया और चाकू दिखाकर उससे जबरन लूटपाट की कोशिश की. (नीचे भी पढ़ें)
एजेंट के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आरोपी को घेरकर पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान आदित्यपुर स्थित अलकतरा ड्रम बस्ती निवासी एक युवक के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी है. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





