
सरायकेला: सरायकेला- खरसावां पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी है. जहां एक बार फिर से आदित्यपुर थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती से ब्राउन शुगर तस्कर बिस्मिल्ला पुलिस की गिरफ्त में चढ़ा है. बताया जाता है कि जिले के एसपी को गुप्त सूचना मिली थी. जिसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. टीम ने छापेमारी करते हुए बिस्मिल्ला के घर से पांच-पांच ग्राम ब्राउन शुगर का दो पैकेट, 1 लाख 36 हजार 715 रुपए नगद, छोटा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, एलुमिनियम फव्वाइल, मेघना बीड़ी के 18 बंडल, किचन लाइट माचिस का दस- दस का दो पैकेट एवं काला रंग का हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जिसका रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 05 सीक्यू 1728 बताया जा रहा है. साथ ही रोलिंग पेपर में लपेटा हुआ 13 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया. वहीं पुलिस ने बिस्मिल्ला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गौरतलब है, कि राज्य पुलिस महानिदेशक के आदेश के बाद पूरे राज्य भर में नशा के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सरायकेला- खरसावां जिला पुलिस भी ताबड़तोड़ यह अभियान चला रही है. जहां बीते दो दिनों में आधा दर्जन नशे के कारोबारी सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं. इसके अलावा इतने ही अवैध शराब की भट्टियां एवं ब्राउन शुगर के बड़े खेप पकड़े हैं. वहीं जिले के एसपी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उधर जिला पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले के अवैध शराब और नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.







