आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया में एकबार फिर से चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं. आपको बता दें कि इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रहे चोरी की शिकायतों के बाद एसपी मुकेश कुमार लुनायत द्वारा एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है. पिछले दिनों तत्कालीन थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी सफलता मिली थी. जहां दर्जन भर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. मगर पिछले दो महीने के भीतर इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी की घटनाएं फिर से बढ़ने लगी है. ताजा घटना आरकेएफएल यूनिट- 1 के समीप की है. जहां कंपनी के बाहर खड़े 407 वाहन संख्या जेएच05ए- 2578 की चोरी कर ली गयी है. सोमवार की सुबह वाहन मालिक जब मौके पर पहुंचे तो अपनी गाड़ी गायब पाया. (नीचे भी पढ़ें)
वाहन के मालिक आरआईटी के बाबाकुटी निवासी अभय कुमार सिंह ने इसकी शिकायत आदित्यपुर थाना में कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घटना की जानकारी देते हुए अभय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से उक्त कंपनी के समीप अपनी गाड़ी खड़ी करते हैं. इसी कंपनी से उनका कारोबार भी चलता है. रविवार की शाम पांच बजे के आसपास गाड़ी खड़ी कर अपने घर चला गया. सुबह लौटने पर अपनी गाड़ी गायब पाया. उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व भी उसी जगह से एक 407 की चोरी हुई थी. मालूम हो कि इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी की रोकथाम को लेकर एसपी के निर्देश पर एक टास्क फोर्स बनाया गया है. तत्कालीन थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने दर्जन भर चोरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा है. करीब तीन- चार महीने से इंडस्ट्रियल एरिया से चोरी की खबरें सामने नहीं आ रहे थे. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि इस मामले में वर्तमान थानेदार कितनी रुचि दिखाते हैं.




