आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच बुधवार को स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात टल गयी. मामला जयप्रकाश उद्यान का है, जहां चार युवक पार्क परिसर में लगे बिजली के पोल में लगे तार को काटकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों युवक मिलकर बिजली के पोल के तार को काट रहे थे. इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ गयी. जब स्थानीय नागरिकों ने विरोध करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो चारों युवक मौके से भागने लगे. हालांकि लोगों ने उनका पीछा किया और दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. बिजली के तार, लोहे के सामान और सार्वजनिक संपत्तियां लगातार चोरों के निशाने पर हैं. लोगों का आरोप है कि बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद असामाजिक तत्वों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पकड़े गए युवक किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं.







