
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर के हाउसिंग कॉलोनी में गैस पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है. लॉकडाउन के पहले ही इधर जुस्को द्वारा पाइपलाइन डाला गया था. इस वजह से पूरी सड़क के किनारे गड्ढे खोदे गये और पाइपलाइन बिछाई गई. एक तो पहले ही पक्की सड़क को खोद कर उसे कच्ची सड़क बना दिया गया. लोगों को इस वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आने जाने वाले लोगों को बहुत मुश्किलें हो रही हैं. एक तो ऐसे ही इस क्षेत्र में पानी की किल्लत है. ऐसे बहुत से घर है जहां नवंबर के महीने से ही पानी की आपूर्ति बंद है. इस तरह अब लोगों को पानी की किल्लत के साथ जर्जर सड़क की मार तो झेलनी ही पड़ रही है. साथ ही पास में बोरिंग की पाइप, जो जेसीबी से क्षतिग्रस्त हो गयी है, के टूट जाने से लोग और भी परेशान हैं. हालांकि बताया जाता है कि पाइप की मरम्मत को लेकर सेटलमेंट कर लिया गया है. वहीं दूसरी ओर लोगों का कहना है कि विभागीय स्तर पर कार्य ठीक से नहीं किया जा रहा है, इस वजह से उन्हें काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है.












