
आदित्यपुर : पार्षद राजमणि देवी के आकस्मिक निधन से आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड 29 की खाली सीट के लिए अप्रैल- मई माह में होने वाले संभावित चुनाव में अगर स्वर्गीय राजमणि देवी के परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ता है तो पुरेंद्र नारायण सिंह और उनकी पूरी टीम स्वर्गीय राजमणि देवी के परिवार को अपना पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि वार्ड 29 की जनता स्वर्गीय राजमणि देवी के द्वारा किए गए कार्यों को ध्यान में रखकर अपना निर्णय सुनाएगी. उन्होंने आशा व्यक्त किया कि वार्ड की जनता स्वर्गीय राजमणि देवी के परिवार के सदस्य को जिताकर स्वर्गीय राजमणि देवी को सच्ची श्रद्धांजलि देगी. उन्होंने कहा कि आधिकारिक रूप से चुनाव घोषणा के उपरांत वे घर- घर जाकर स्वर्गीय राजमणि देवी के परिवार के लिए वोट मांगेंगे. उन्होंने कहा कि राजमणि देवी ने लगातार तीन बार अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व किया और अंतिम सांस तक राजमणि देवी अपने स्वास्थ्य के बजाय वार्ड के लोगों के विकास के लिए चिंतित थी. गौरतलब है कि वार्ड 29 के लिए मेयर विनोद श्रीवास्तव ने अपने बेटे की दावेदारी पेश कर चुनाव से पहले सरगर्मी बढ़ा दी है. हालांकि अब तक स्वर्गीय राजमणि देवी के परिवार की ओर से कोई दावेदारी नहीं पेश की गई है. वैसे क्षेत्र की बड़ी आबादी राजमणि देवी के बड़े पुत्र मनमोहन सिंह के समर्थन में कैंपेनिंग शुरू कर चुकी है.







