
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत दाईगुटू में बीते दिनों संपत्ति विवाद को लेकर उत्तम कुमार की हत्या के मामले में सोमवार को मृतक के परिजन और बस्ती के रहने वाले एसएसपी से मिलने पहुंचे. मृतक की माता आशा देवी ने एसएसपी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बेटे उत्तम की हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. हालांकि इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को जेल भेज दिया है. आशा देवी ने बताया कि उनके बेटे की हत्या एक साजिस के तहत की गई है. जिसमे नंदलाल गुप्ता, अनिरुद्ध प्रसाद, सोनु कुमार, दीपक कुमार उर्फ छोटू, सुमित कुमार, सुजीत कुमार, ददन प्रसाद साहू, प्रीति देवी, सुनीता देवी शामिल है. विदित हो कि 16 अक्टूबर को मकान के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए थे जिसमें उत्तम कुमार नामक युवक की हत्या कर दी गई थी और उसके पिता मदन साहू को भी गंभीर चोटें आई थी. फिलहाल पुलिस अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.







