
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के द्वारा दुकान खोलने से संबंधित एक संशोधित निर्देश प्राप्त हुआ है लेकिन सभी दुकानदार भाइयों से अपील है कि राज्य सरकार या जिला प्रशासन के द्वारा जब तक इस संबंध में कोई आदेश निर्गत ना किया जाए तब तक आप सभी इंतजार करें। उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार से प्राप्त निर्देश में यह स्पष्ट उल्लेखित है कि सामाजिक अलगाव के तहत जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने से संबंधित इंसीडेंट कमांडर/ अनुमंडल पदाधिकारी/कार्यपालक दंडाधिकारी या अन्य सक्षम पदाधिकारी से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला प्रशासन के द्वारा छूट देने से संबंधित विषयों पर विचार किया जाएगा।*
उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार के द्वारा दी जाने वाली छूट के बावजूद तेलंगाना,कर्नाटक जैसे राज्यों में राज्य सरकार के द्वारा सख्ती के साथ संपूर्ण तालाबंदी का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य में किन दुकानों को छूट देनी है और किन किन दुकानों को इस श्रेणी में शामिल किया जाना है इसका निर्णय लेने के लिए राज्य सरकार के द्वारा विचार किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि आप अपने यहां उपलब्ध कर्मियों की संख्या में निर्देशानुसार 50% की कटौती, हैंड सैनिटाइजर एवं मास्क की व्यवस्था, दुकान में आने वाले ग्राहकों के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के पालन हेतु मार्किंग की व्यवस्था आदि प्रावधान सुनिश्चित किया जाए।







