
जमशेदपुर : बैंकों के विभिन्न यूनियनों की संस्था यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की ओर से आंदोलन और हड़ताल को लेकर तैयारी की गयी है. चार राष्ट्रीयकृत बैंको का निजीकरण किया जायेगा. बैंक कर्मचारी पिछले एक महीने से अधिक समय से निजीकरण के फैसले के खिलाफ यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले आंदोलन का रास्ता अपनाए हुए हैं. धरना, प्रदर्शन, बैज वियरिंग, पोस्टरिंग, नुक्कड़ सभा के माध्यम से आम जनता को निजीकरण के खिलाफ बैंककर्मियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और देश हित में इस आंदोलन के समर्थन करने का आग्रह कर रहे हैं. झारखंड प्रदेश बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन बैंको के तमाम ग्राहकों से अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य कल अर्थात शुक्रवार 12 मार्च को निपटा लेने का आग्रह करता है क्योंकि आगे के चार दिन बैंक का कामकाज ठप रहेगा, जिसमे दो दिन आधिकारिक छुट्टी और दो दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी. दो दिनों की हड़ताल में जाने से कर्मचारियों का दो दिन का वेतन काटा जाएगा. फिर भी कर्मचारी “बैंक बचाओ-देश बचाओ” नारे के साथ हड़ताल पर जा रहे हैं. इसी बीच सेंट्रल लेबर कमिश्नर द्वारा बुलाई गई तीसरी बैठक जो 10 मार्च को दिल्ली में संपन्न हुई बेनतीजा रही. वित मंत्रालय के प्रतिनिधियों ने सरकार का रुख साफ करते हुए कहा कि सरकार ने 2 बैंकों के निजीकरण के नाम पर फैसला नहीं किया है. हड़ताल को स्थगित किया जा सकता है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के प्रतिनिधियों ने यह कहते हुए जवाब दिया कि सरकार के निर्णय को बजट में स्पष्ट रूप से वर्णित किया गया है और यदि सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करेगी, तो हम अपनी हड़ताल के आह्वाहन पर पुनर्विचार कर सकते हैं. वित्त मंत्रालय के प्रतिनिधि ने वही रुख कायम रखा और कुछ भी नहीं कर सके. सरकार के प्रतिनिधियों के नकारात्मक रुख को देखते हुए, “यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन” अपने सभी यूनियन सदस्यों से हड़ताल को पूर्ण सफल बनाने का आह्वान किया हैं. इस हड़ताल में राष्ट्रीयकृत बैंको के साथ झारखंड ग्रामीण बैंक भी हड़ताल के समर्थन में बंद रहेंगे. इस हड़ताल को देश के सभी 9 सेंट्रल ट्रेड यूनियन ने समर्थन दिया है, किसान संयुक्त मोर्चा और व्यापारिक संगठनो द्वारा भी हड़ताल का समर्थन किया गया है. इसके तहत शुक्रवार की शाम 5.30 बजे हड़ताल के पूर्व बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा जुलूस का आयोजन किया गया है, जो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बिष्टुपुर से बिष्टुपुर सिग्नल होते हुए पोस्टल पार्क पहुंचकर सभा में बदल जायेगा.












