
जमशेदपुर : एनआरसी और सीएए के खिलाफ आहूत भारत बंद का कोई असर जमशेदपुर में नहीं देखने को मिला. जमशेदपुर में भी बंद बुलाया गया था, लेकिन इस बंदी का असर जमशेदपुर में नहीं दिखा. जमशेदपुर के कुछ मुस्लिम बहुल इलाको मानगो, धातकीडीह समेत कुछेक एरिया में कुछ दुकानें बंद रही और कुछ युवक सड़क पर निकले. लेकिन जमशेदपुर के अन्य बाजारों की बात करें तो पूरा बाजार हर रोज की तरह खुला रहा और सड़कों पर गाड़ियां दौड़ती रही. वहीं मानगो बस स्टैंड से खुलने वाली लंबी दूरी की बसें भी अपने निर्धारित समय से खुली.

वैसे बंदी को लेकर जिला प्रशासन ने पुलिस फोर्स का पुख्ता इंतजाम किया है. एनएच 33 हो या शहरी एवं ग्रामीण इलाका हर जगह पुलिस तैनात रही. उधर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बंदी का कोई असर नहीं पड़ा ट्रेनों का परिचालन हर रोज की तरह सामान्य रही. पुलिस एलर्ट रही और बड़े पैमाने पर पूरे शहर में लोगों को तैनात किया गया था ताकि किसी तरह का कोई हंगामा या मारपीट जैसी घटनाएं नहीं हो. वैसे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रहा था और कारोबारी संस्थाएं खुली हुई थी.

बंद कराने निकले युवकों को पुलिस ने पकड़ा, थाना में रखने के बाद छोड़ा
जमशेदपुर में एनआरसी और सीएए के विरोध में बंद के समर्थन में दुकाने बंद कराने निकले एक संगठन के लोगो को आजादनगर पुलिस ने पकड़ा और थाना ले गई. हालांकि कुछ देर थाना में रखने के बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया गया. पकड़ाए गए सभी युवक आजादनगर थाना क्षेत्र में दुकाने बंद कराने निकले थे. इस मामले में पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है.







