
चाकुलिया : रांची स्थित राजभवन में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और घाटशिला अनुमंडल के वरीय शिक्षाविद प्रोफेसर मित्रेश्वर ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर कोल्हान विश्वविद्यालय की वर्तमान कई समस्याओं के संबंध में प्रतिवेदन समर्पित किया. वर्तमान में परीक्षार्थी छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने में हो रही कठिनाइयों की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया. उन्होंने राज्यपाल को बताया कि एक छात्र को परीक्षा फार्म भरने में तीन से चार दिनों का वक्त लग रहा है. इस बारे में विधायक कुणाल षाड़ंगी ने राज्यपाल से छात्रों की सुविधा के लिए नई तकनीक के इस्तेमाल के साथ ही शिक्षा विभाग की व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने का अनुरोध किया. विभिन्न महाविद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही कई अन्य पहलुओं पर पहल करने का भी अनुरोध किया गया.







