
धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले में भाजपा की ओर से सिटी सेंटर के पास गांधी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पंजाब में सुरक्षा में की गई लापरवाही के खिलाफ धरना आयोजित की गई थी. धरना में भाजपा के धनबाद के सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा समेत कई बड़े लोग वहां मौजूद थे. उनकी मौजूदगी में एक विक्षिप्त शख्स वहां पहुंचा और उस शख्स ने भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का नाम लेकर गाली गलौज करने लगा. दीपक प्रकाश के नाम पर कई अपशब्द कहे गए. इन बातों को सुनते ही भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए सबने मिलकर उक्त व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी. दर्जनों कार्यकर्ताओं ने लात घूंसे से व्यक्ति को पीटा और बाल उखाड़ के मारा. बताया जाता है कि उसको भाजपा के कार्यकर्ताओं ने थूक भी चटवाया गया. उक्त विक्षिप्त युवक अल्पसंख्यक समुदाय से था, उसको जय श्रीराम के नारे भी लगवाए गए और उसको लात-घूंसा से पीटा गया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस के जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और कार्रवाई करने की मांग कर डाली. इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने मामले को लेकर धनबाद पुलिस को कार्रवाई करने का आदेश दिया. इसका वीडियो भी वायरल हो गया, जिसके बाद धनबाद पुलिस को कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कहना पड़ा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पर अपना गुस्सा जताया और कहा कि इस तरह के लोगों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए. इसके बाद धनबाद पुलिस ने भाजपा के करीब 10 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि गिरफ्तार लोगों में जयंत चौधरी, जितेंद्र शाह, पिंटू सिंह, बबलू सहाय, तमाल राय समेत अन्य लोग शामिल है.














