अनिल कुमार/बोकारो : प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा है कि हेमंत सरकार राज्य में ट्रान्सफर पोस्टिंग का खेल खेल रही है. राज्य के बड़े जिलों में पोस्टिंग के लिए आइपीएल की तर्ज पर जेपीएल (झारखंड पोस्टिंग लीग) की बोली लगती है एवं अधिक बोली लगानेवाले की ही पोस्टिंग होती है. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को जनहित के मुद्दों पर फेल बताते हुए श्री षाड़ंगी ने कहा है कि सरकार जनता में 1932 का शिगूफा छोड़कर लोगों को दिगभ्रमित कर रही है. उन्होंने सरकार को उसे लागू करने की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार एवं विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की शिगूफेबाजी की जा रही है. पूर्व विधायक सह प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कुणाल षडंगी मंगलवार को बोकारो में पत्रकारों से बात करते हुए कही. सांसद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार इस सरकार के विगत 3 वर्ष के कार्यकाल में 5258 लोगों की हत्या हो चुकी है. वहीं 4813 बहन बेटियों के साथ बलात्कार की घटनाएं घट चुकी हैं तो अपहरण की 4485 घटनाएं भी घट चुकी हैं. उन्होंने सरकार पर बालू के अवैध कारोबार को प्रश्रय देने का आरोप लगाते हुए कहा कि हर महीने करीब 100 करोड़ के बालू का अवैध कारोबार चल रहा है. वहीं संथाल परगना सहित इस जिले से भी गौवंश की तस्करी जोरो पर है. उन्होंने कहा कि हर साल 5 लाख नौकरियां देने का वायदा और बेरोजगारी भत्ता का सब्जबाग दिखाया गया, लेकिन नियुक्तियों का कहीं अता-पता नहीं है.



