अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र स्थित लोहा व्यवसायी विनोद सिंह के सुपरवाइजर भीम सिंह का विगत 7 जनवरी को ही अपहरण कर लिया गया है, किन्तु स्थानीय पुलिस इस संबंध में अपहरण का मामला दर्ज करने के बजाय विनोद सिंह को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दबाव डाल रही है. इस मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है. पुलिस इस संबंध में कुछ भी बोलने से बचती नजर आ रही है. वही लोहा व्यवसाई विनोद सिंह सेक्टर 12 थाना के चक्कर लगा रहे हैं. उधर सिटी पुलिस ने रविवार देर रात राम मंदिर मार्केट से अपहृत भीम सिंह की बाइक लावारिस हालत में बरामद की है. (नीचे भी पढ़ें)

अपहरण कांड से आक्रोशित लोग रविवार रात को सिटी व सेक्टर 12 थाना में जमे रहे. अपहृत भीम सिंह चास थाना क्षेत्र की कुंवर सिंह कॉलोनी में रहता है. लोहा व्यवसाई विनोद सिंह के अनुसार भीम सिंह के दोस्त ने उन्हें सूचना दी कि अपराधी जयराम प्रसाद, विजय यादव एवं लाला सिंह ने भीम सिंह का अपहरण कर लिया है. विनोद सिंह ने बताया कि 3 माह पूर्व भी भीम सिंह को अपराधी जयराम के नंबर से रंगदारी की मांग के लिए फोन आया था, जिसकी भीम ने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी. विनोद सिंह ने अपपाधियों द्वारा भीम की हत्या कर दिये जाने की आशंका भी जतायी. (नीचे भी पढ़ें)

उधर इस मामले में स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है, क्योंकि लोहा व्यवसायी विनोद सिंह से अपहरण की सूचना मिलने के बाद भी सेक्टर 12 थाना पुलिस ने अपहरण के बजाय गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बनाने की कोशिश की. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के मुताबिक भीम 7 जनवरी की शाम 5 बजे सेक्टर 12 जाने की बात कह कर घर से निकला, लेकिन उसके वहां नहीं पहुंचने पर विनोद सिंह ने उससे फोन पर बाद की तो उसने जल्द पहुंचने की बात कही. लेकिन उसके बाद उसका मोबाइल स्विचऑफ हो गया. जानकारी के अनुसार वह बीएस सिटी थाना क्षेत्र के राम मंदिर मार्केट गया था, जिसके बाद अपराधी जयराम कार से वहां पहुंचा. उसने भीम के साथ बेरहमी से मारपीट की, फिर उसे कार में बैठाकर निकल गया.



