
चाईबासा : बुधवार को जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला उपायुक्त अरवा राजकमल के अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग का संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। उक्त बैठक में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, सघन टीकाकरण, जिला स्वास्थ्य समिति के प्रगति प्रतिवेदन आधारित समीक्षा की गई। इस बैठक में उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, एसिस्टंट कलेक्टर दिनेश यादव, समाज कल्याण विभाग के वरीय नोडल पदाधिकारी एजाज़ अनवर, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.मंजू दुबे, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, सभी आयुष चिकित्सक, प्रखंड बाल विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आज की समीक्षा में उपायुक्त के द्वारा सभी को निर्देशित किया गया कि सभी स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण से जुड़े पदाधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन सुचारू रूप से करें। अपने कर्तव्य निर्वहन करने में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और साथ में उनके वेतन में कटौती करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा मानव जीवन के मूलभूत सेवाओं में शामिल है और जिला प्रशासन जिले के हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने हेतु प्रतिबद्ध है।
प्रत्येक माह प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करें प्रखंड विकास पदाधिकारी
जिले के सभी प्रखंडों के संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक माह प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जाए, जिसमें ए.एन.एम, सहिया एवं अन्य सभी स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों का आंकलन करते हुए अग्रसर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ऐसे नवजात बच्चे जिनका जन्म के समय वजन कम हो वैसे सभी बच्चों से जुड़ी जानकारी जो प्रखंड चिकित्सक के संज्ञान में आ रहा है उन सभी आंकड़ों को प्रखंड बाल कल्याण पदाधिकारी के साथ शेयर किया जाए, जिससे जिले में व्याप्त कुपोषण को दूर किया जा सके।
आज की समीक्षा बैठक में प्रथम ए.एन.सी, संस्थागत प्रसव, प्रसव सुविधा केंद्र, सघन टीकाकरण अभियान, एनीमिया, मातृत्व मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जिला स्वास्थ्य समिति, कुष्ठ रोगियों के बारे में जन जागरूकता, ममता वाहन आदि से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वैसे अस्पताल कर्मी जो एक स्थान पर लंबे समय से कार्यरत हैं उन सभी का दूसरे स्थान पर स्थानांतरण करने, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उपलब्ध एंबुलेंस सेवा को ममता वाहन के रूप में इस्तेमाल करने, प्रसव सुविधा केंद्र की संख्या को बढ़ाने हेतु आम सभा करने आदि से संबंधित मुद्दों पर आवश्यक दिशा निर्देश जिला उपायुक्त के द्वारा दिया गया है।






