
जमशेदपुर : लंबे इंतजार के बाद केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने शुक्रवार को सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा कर दी. एक से 15 जुलाई के बीच इन परीक्षाओं का आयोजन किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि सीबीएसई 10वीं और 12वीं की कुछ परीक्षाएं बची हुई हैं, जिनका आयोजन किया जाना है. कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सीबीएसई 10वीं और 12वीं बोर्ड के कुल 83 विषयों की परीक्षा स्थगित कर दी गयी थी. इसके बाद सीबीएसई ने उक्त 83 में से 29 मुख्य विषयों की ही परीक्षा लेने का फैसला लिया था. परीक्षा स्थगित होने के कारण देश भर में लाखों विद्यार्थियों का रिजल्ट व एडमिशन नहीं हो सका है. अत: 29 विषयों की परीक्षा ली जायेगी. ये वैसे विषय हैं, जो रिजल्ट व किसी कोर्स में एडमिशन के लिए महत्वपूर्ण हैं.






