
Chakuliya : चाकुलिया स्थित हवाई पट्टी में ध्यान फाउंडेशन संस्था द्वारा संचालित गौशाला परिसर में सोमवार को गोपाष्टमी मेला के अवसर पर प्रखंड के जमुआ पंचायत और भातकुंडा पंचायत के 15-15 किसानों के बीच 60 बैलो का वितरण किया गया. इस अवसर पर संस्था की डॉ शालिनी मिश्रा ने कहा कि संस्था सेवा भाव से गायों की सेवा कर रही है. उन्होंने कहा कि संस्था की देशभर में 32 गौशालायें हैं. उक्त गौशालाओं में 15,000 से अधिक गाय और बैलों की सेवा की जा रही है. उन्होंने चाकुलिया के कोलकाता पूर्वांचल सोसाइटी शाखा चाकुलिया गौशाला को धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्था ने उन्हें गौ सेवा करने के लिए बड़ी भूमि दी है, तब जाकर संस्था गायों की सेवा कर पा रही है. संस्था आध्यात्म से भी जुड़ी हुई है.
डॉ शालिनी मिश्रा का मानना है कि गौ सेवा नारायण सेवा की तरह है. डॉ मिश्रा ने कहा कि संस्था द्वारा दिये गये बैलों की देखभाल किसान अच्छी तरह से करें और बैलों से खेती कर अपनी जीविका अर्जित करें. उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा दिये गये बैलों की सुरक्षा और देखभाल करने वाले अच्छे किसानों को संस्था द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा प्रखंड के अन्य बचे पंचायतों के किसानों के बीच भी जल्द ही बैल का वितरण किया जाएगा, ताकि किसान खेती कर सकें. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग गौशाला में आकर गायों की सेवा कर सकते है, सेवा कर पुण्य के भागीदार बने. अवसर पर चंद्र देव महतो, नगर पंचायत की अध्यक्ष संध्या रानी सरदार, मुखिया रेणुका मुंडा, प्रभाष हांसदा, रविंद्र नाथ मिश्रा, लक्ष्मी नारायण दास, दिनेश सिंह, चन्द्र मोहन मांडी, गौरी महंती, प्रदुध कुमार नायक, शंकर नायक, रविन्द्र मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित थे



