पटमदा: टाटा-पटमदा मुख्य मार्ग पर ठनठनी घाटी के पास रविवार तड़के एक सड़क हादसे में सब्जियों से लदे पिकअप वैन पर सवार 13 किसान घायल हो गए. हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ. सभी किसान पटमदा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सब्जियां लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहे थे.बताया जाता है कि घाटी के पास सामने से तेज गति से आ रहे हाइवा को देखकर पिकअप चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया. इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क पर पलट गयी. हादसे में वाहन पर सवार महिला और पुरुष किसान घायल हो गए.(नीचे भी पढ़े)

घायलों में भाग्यधर महतो, मंगल हांसदा, सुकुरमनी मुर्मू और लीलमणि हांसदा समेत कुल 13 लोग शामिल हैं. सभी घायल पटमदा की लच्छीपुर और जोड़सा पंचायत के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं.दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. घायलों की स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों ने सड़क पर पलटे पिकअप को हटाने में भी मदद की. पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.




