
चाकुलिया : चाकुलिया के नामोपाड़ा निवासी पूरणेंन्दु बेरा के किराये पर दी गयी दुकान को दुकानदार लीज अवधि समाप्त होने के पश्चात भी खाली नही कर रहा था. दुकान खाली करने के मुद्दे पर दुकानदार और मालिक के बीच अक्सर झगड़ा होता था. सोमवार को मानसिक रूप से तंग आकर दुकान मालिक ने कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या कर ली. उसके बाद परिजनों ने दुकान को कब्जा मुक्त कराने के लिए शव को लेकर दुकान के पास रख कर प्रदर्शन किया. काफी देर तक परिजनों ने शव को दुकान के पास रखने और कोई वार्ता नही होता देख विधायक समीर महंती ने मामले पर दोनों पक्ष के साथ बात की. विधायक ने परिजनों से कहा कि शव का अंतिम संस्कार करें, दुकानदार ने उनके पास चाबी सौंप दी है. श्राद्धकर्म के पश्चात दोनों पक्ष को बैठा कर मामले पर उचित पहल की जाएगी. वहीं देर रात्रि पुलिस ने दुकान के पास प्रदर्शन कर रहे परिजनों के पास पहुंचकर उन्हें आश्वस्त किया कि वे सभी शव का दाह संस्कार करें और लिखित शिकायत थाना में दे, पुलिस जांच कर उचित कार्रवाई करेगी. इस आश्वासन पर परिजनों ने देर रात शव को वहां से हटाया और दाह संस्कार किया.







