Anisha Gorai / Chandil : सामाजिक संगठन जनसेवा ही लक्ष्य की ओर से नीमडीह प्रखंड अंतर्गत चांडिल डाकबंगला में ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय शिक्षक सह मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. अतिथियों द्वारा द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया. समारोह में कुल 1600 कार्यरत, सेवानिवृत्त शिक्षक व कुल 1800 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इससे पूर्व समारोह को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र विश्वरंजन उर्फ कार्तिक महतो ने कहा कि शिक्षक मानव समाज के विकास की रीढ़ हैं. देश में राजनेता, डॉक्टर, किसान, कलाकार, वैज्ञानिक, व्यापारी आदि को सफल बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आवश्यकता होती है. स्कूल-कॉलेजों में सभी विद्यार्थियों के लिए शिक्षकगण अभिभावकों की तरह होते हैं. वे छात्र-छात्राओं की एकाग्रता को बनाये रखने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हैं. समारोह के आयोजक हरेलाल महतो ने कहा कि हमारे माता-पिता हमारा पालन पोषण करते हुए संस्कार की शिक्षा देते हैं और शिक्षक हमें भविष्य को उज्ज्वल व सफल बनाने की शिक्षा देते हैं. इसलिए माता, पिता व शिक्षकों का एक समान आदर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि शिक्षक हमारे प्रेरणास्रोत हैं, जो निरंतर प्रयासों के माध्यम से हमें सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करते हैं. उन्होंने कहा कि माता-पिता एक बच्चे को जन्म देते हैं, वहीं शिक्षक उसके चरित्र को आकार देकर उज्वल भविष्य के निर्माता होते हैं. इसलिए हमें माता-पिता के समान शिक्षकों का सम्मान व आदर करना चाहिए. समाजसेवी धरणीधर सिंह मुंडा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान कर उज्वल भविष्य के पथ पर अग्रसर करते हैं और विकसित देश निर्माण के लिए शिक्षकों का अमूल्य योगदान होता है. समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक श्रीचंद महतो व संचालन शिक्षक देबेन माझी ने किया। इस अवसर पर प्रो एके गोराई, गिडु यादव, ममता महतो, निर्मल चन्द्र महतो, रासबिहारी महतो, धीरेन महतो, बेनुधर महतो, सागर गोप, दुर्योधन गोप, श्यामल चन्द्र महतो, बादल महतो, अभिराम हेम्ब्रम, सुरजीत महतो, मुखिया हरेन्द्र सिंह व नरसिंह सरदार, संतोष प्रमाणिक, गोरचंद सिंह मुंडा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.





