
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के आलोक बाजपेई ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी 60 साल तक सरकार में रहकर सिर्फ लोगों को गुमराह करती रही और आज जबकि कोरोना जैसा बीमारी पूरे देश में फैली हुई है उस वक्त भी सिर्फ लोगों के बीच में राजनीति कर रही है. इसकी जितनी भी निंदा की जाये वह कम है. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार सिर्फ वाहवाही लूटने में लगी हुई है. एक तरफ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कहते हैं कि जरूरत पड़ी तो दक्षिण से मजदूरों को प्लेन से भी हम लाएंगे, मगर दूसरी तरफ स्पेशल पैकेज की मांग केंद्र से की जा रही है. जो मजदूर लॉकडाउन में फंसे थे झारखंड वापस आने के बाद उन लोगों को घर में ही क्वारंटाइन करने की बात कही जा रही है, जबकि राज्य सरकार को क्वारंटाइन करने की व्यवस्था करनी चाहिए थी. कांग्रेस के नेता 60 सालों तक लोगों को गुमराह कर जो राजनीति रोटी सेकते रहे इस वक्त भी वही काम कर रहे हैं. अगर सोनिया गांधी में इन मजदूरों के प्रति जरा भी हमदर्दी है तो कई स्टेट ऐसे हैं जहां पर कांग्रेस की सरकार है वहां मजदूरों को कुछ ना कुछ राहत जरूर देनी चाहिए थी मगर ऐसा नहीं किया और आज जब मजदूर अपने घर वापस आ रहे हैं तो लोगों के बीच में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस का शुरू से यही राजनीति करने का स्टाइल रहा है वह आज भी जारी है. मगर जनता भलीभांति जानती है कोरोना से जंग जीतने के लिए किस तरह से आम जनता गोलबंद होकर लड़ाई लड़ रही है इसकी जितनी भी तारीफ की जाए वह कम होगी. राज्य सरकार को भी केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करना चाहिए, ताकि इस लड़ाई को जीतने में भारत अहम भूमिका अदा कर सके.














