
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति 8 मई विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन रक्तदान शिविर के साथ होगा. कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए लागु लॉकडाउन की कार्रवाई के बीच जरुरतमंदों के बीच रक्त उपलब्धता की चुनौती से निपटने के लिए यह रक्तदान महायज्ञ इस बार और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है, चुकि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सबसे महत्वपूर्ण हथियार सोशल डिस्टेंसिंग को मेन्टेन करने हेतु रक्तदान शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड बैंक, धतकीडीह में किये गया है जो 8 एवं 10 मई को प्रातः 9 बजे से संध्या 6 बजे तक चलेगा. इस हेतु पूर्व की भांति पोस्टकार्ड एवं पत्र नहीं भेजे जायेंगे, एसएमएस एवं व्हाटसप मैसेज द्वारा रक्तदाताओं के लिए चयनित दिनों के अनुसार सूचित किया जायेगा. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के मद्देनजर आयोजित हो रहे रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को रेड क्रॉस का पूर्ण सहयोग करना होगा, तभी हम शत-प्रतिशत सफल हो पायेंगे. उन्होंने बताया कि इस अवसर पर रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को रक्तदान स्मृति चिन्ह के रूप में प्रशस्ति पत्र के साथ टी-शर्ट एवं एक मास्क भी प्रदान किया जायेगा. उन्होंने रक्तदाताओं से आग्रह किया कि वे लॉकडाउन पीरियड के मद्देनजर अपने रक्तदाता पहचान पत्र तथा रेड क्रॉस द्वारा भेजे जाने वाले मैसेज के साथ ही रक्तदान करने आयें ताकि रास्ते में किसी तरह की असुविधा न हो.














