नयी दिल्ली: टीम इंडिया के क्रिकेटर सह विकेटकीपर ऋषभ पंत की बीएमडब्ल्यू कार शुक्रवार को सुबह दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं. 25 वर्षीय के पंत रूड़की अपने घर जा रहे थे. उन्हें दुर्घटना के बाद अस्पताल ले जाया गया. उन्हें सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है. हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह ने बताया,‘पंत हरिद्वार जिले के मंगलोर में दुर्घटना का शिकार हो गए. उनकी कार सुबह साढ़े 5 बजे डिवाइडर से टकरा गई. उन्होंने कहा,‘उन्हें रूड़की में सक्षम अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल भेज दिया गया है.एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया,‘ऋषभ पंत के लिये प्रार्थना. शुक्र है कि वह खतरे से बाहर है. उनके जल्दी ठीक होने की कामना.’ आपात इकाई में पंत का इलाज करने वाले डॉक्टर सुशील नागर ने बताया है कि पंत को सिर पर और घुटने में चोटें आई है और आगे की जांच करनी होगी.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने कहा,‘जब उन्हें हमारे अस्पताल लाया गया तब वह पूरी तरह से होश में थे और मैंने उनसे बात भी की. वह घर जाकर अपनी मां को सरप्राइज देना चाहते थे. उन्होंने कहा,‘ उनके सिर में चोट लगी है लेकिन मैंने टांके नहीं लगाये. मैंने उन्हें मैक्स अस्पताल ले जाने को कहा जहां प्लास्टिक सर्जन उन्हें देख सके. एक्स रे में पता चला है कि कोई हड्डी नहीं टूटी है. दाहिने घुटने में चोट है और वह कितनी गंभीर है, इसका पता एमआरआई या आगे जांच से चलेगा. लिगामेंट की चोट ठीक होने में दो से 6 महीने लगते हैं. उन्होंने कहा कि पंत की पीठ पर बड़ा घाव है और सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें वायरल हुई है, वह आग से जलने की चोट नहीं है. डॉक्टर नागर ने कहा,‘चोट इसलिये लगी क्योंकि वह कार में आग लगते ही खिड़की तोड़कर बाहर कूद गया. पीठ के बल गिरने से उसकी चमड़ी छिल गई लेकिन वह आग से जलने की चोट नहीं है और गंभीर भी नहीं है.(नीचे भी पढ़े)
मैक्स अस्पताल, देहरादून के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर दिशांत याग्निक ने कहा कि हड्डी के विशेषज्ञों और प्लास्टिक सर्जन की टीम पंत को देख रही है. उन्होंने कहा,‘ उनकी स्थिति पर एक मेडिकल बुलेटिन एक घंटे में जारी किया जायेगा. पंत को श्रीलंका के खिलाफ आगामी श्रृंखला से बाहर रखा गया है क्योंकि उन्हें फरवरी में होने वाली बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले दमखम और अनुकूलन कार्यक्रम के लिए एनसीए में शामिल होना है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंत के इलाज का पूरा खर्च उनकी सरकार उठायेगी.




