आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के मीरूडीह में शनिवार की शाम कुछ लोगों ने हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायलों का नाम पिंटू महतो और आनंद महतो है। बताते हैं कि दोनों एक साथ कहीं जा रहे थे। तभी आधा दर्जन से अधिक युवकों ने लाठी-डंडे से लैस होकर उन पर हमला किया। दोनों को गंभीर चोट आई है। घटना की शिकायत आरआईटी थाने में दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां इमरजेंसी में दोनों का इलाज चल रहा है। आनंद महतो के परिजन अजय महतो ने बताया कि इन दोनों से हमलावरों का काफी पुराना विवाद था। पहले झगड़ा हुआ था। शनिवार को यह दोनों अकेले जा रहे थे। मौका पाकर उनके साथ मारपीट की गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।