जमशेदपुर: राष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता ‘बेस्ट ऑफ द बेस्ट वेल्डर्स–2026’ का मंगलवार को सीएसआइआर-एनएमएल जमशेदपुर में शुभारंभ हुआ. इस प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वेल्डिंग (आइआइडब्ल्यू) जमशेदपुर शाखा द्वारा सीएसआइआर- इंटीग्रेटेड स्किल इनिशिएटिव के अंतर्गत सीएसआइआर-एनएमएल के सहयोग से किया जा रहा है. उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इसके पश्चात मुख्य अतिथि के रूप में सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधरी तथा आइआइडब्ल्यू जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉक्टर आनंद प्रभाकरन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया. इस अवसर पर सीएसआइआर-एनएमएल के एचआरजी एवं जी के वरिष्ठतम वैज्ञानिक डॉक्टर एस शिवप्रसाद ने वेल्डिंग की गुणवत्ता तथा वेल्डेड घटकों की महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रकृति पर प्रकाश डाला. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली वेल्डिंग के महत्व को रेखांकित किया. (नीचे भी पढ़ें)

डॉक्टर आनंद प्रभाकरन ने कुशल एवं गुणवत्तापूर्ण वेल्डरों की बढ़ती मांग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 33 वेल्डर, जिनमें तीन महिला प्रतिभागी भी शामिल हैं, दो श्रेणियों में भाग ले रहे हैं. सीएसआइआर-एनएमएल के इंजीनियरिंग डिवीजन एवं एफ वैज्ञानिक डॉक्टर एम उदय भास्कर राव ने एनएमएल में उपलब्ध उन्नत वेल्डिंग सुविधाओं की जानकारी दी. उन्होंने टीआइजी, एमआइजी एवं रोबोटिक वेल्डिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों तथा वेल्डिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों पर भी प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)

सभा को संबोधित करते हुए सीएसआइआर-एनएमएल के निदेशक डॉक्टर संदीप घोष चौधरी ने कहा कि कुशल वेल्डिंग विनिर्माण, औद्योगिक सुरक्षा तथा देश के ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ संदीप घोष चौधरी तथा आइआइडब्ल्यू जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष डॉक्टर आनंद प्रभाकरन को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का समापन सीएसआइआर-एनएमएल इ के वैज्ञानिक डॉ अतनु दास द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.




