जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस ट्यूब गेट के सामने मंगलवार सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट टीम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए गाड़ियां पहुंचीं. कार्रवाई का विरोध करते हुए 50 से अधिक छोटे दुकानदारों ने सड़क पर उतरकर गाड़ियों को बांस के सहारे रोक दिया. दुकानदारों के विरोध के बाद कंपनी की टीम बिना कार्रवाई किए ही मौके से लौट गई. जानकारी के अनुसार, ट्यूब गेट के सामने से दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई पिछले कुछ समय से चल रही है. दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए जेम्को से मानिफिट जाने वाले रास्ते में स्थान उपलब्ध कराया गया है. हालांकि, दुकानदारों का कहना है कि निर्धारित जगह सड़क के बिल्कुल किनारे है. ऐसे में वहां दुकान लगाने से सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)

दुकानदारों की मांग है कि दुकान लगाने के लिए निर्धारित स्थान के किनारे लगे स्लैब को थोड़ा पीछे किया जाए, ताकि सड़क से पर्याप्त दूरी बन सके और वे सुरक्षित तरीके से अपनी दुकानें लगा सकें. दुकानदारों के मुताबिक, उन्होंने सोमवार को भी टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट टीम के सामने अपनी यह मांग रखी थी और दुकान हटाने से पहले व्यवस्था में सुधार करने का आग्रह किया था. इसके बावजूद मंगलवार सुबह कंपनी की गाड़ियां कार्रवाई के लिए पहुंच गईं. गाड़ियों को मौके पर पहुंचते देख दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया और बांस लगाकर रास्ता रोक दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में दुकानदार मौके पर जुट गए. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की जानकारी मिलने पर समाजसेवी बंटी सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों से बातचीत की. दुकानदारों ने उन्हें अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराया. विरोध-प्रदर्शन के बाद टाटा स्टील की टीम फिलहाल कार्रवाई किए बिना ही लौट गई.




