देवघर : देवघर श्रावणी मेला में तैनात जवान जुलियस कुजूर की मौत मंगलवार की देर रात हो गई. वह किसी काम के लिए डोम पंडाल से बाहर निकला था तभी अचानक से गिर गया. इसके बाद सहकर्मियों ने उसे आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की कारणों का पता नहीं चल सका है. जानकारी के अनुसार जुलियस गुमला जिले के रायडीह थाना अंतर्गत तुरायडीह का रहने वाला था. श्रावणी मेले के लिए उसे देवघर में प्रतिनियुक्त किया गया था. उसे पदमा के पीटीसी प्रशिक्षण केन्द्र से मेला ड्यूटी के लिए भेजा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मेले में तैनात आरक्षी को किया गया सस्पेंड
दुमका श्रावणी मेले में तैनात आरक्षी कृष्णा कुमार सिंह को मेंस प्रबंधक के साथ मारपीट और गाली गलौज करने के आरोप में दुमका एसपी अंबर लकड़ा ने निलंबित कर दिया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 9 बजे कृष्णा कुमार ने हजारीबाग जिला बल के जवान और मेस प्रबंधक अनिकेत राज के साथ मारपीट और गाली गलौज करते हुए चारपाई तोड़ दिया. मामले की शिकायत पर जैप 1 के एसआई फिल बहादुर कार्की के नेतृत्व में जांच की गई. जांच के बाद कृष्णा कुमार को सस्पेंड कर दिया गया.



