
चाईबासा : जगन्नाथपुर अनुडल के प्रखंड मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय में लद्दाख की गलवान घाटी में शहीद हुए भारत के वीर जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद गीता कोड़ा एवं विधायक सोनाराम सिंकू के निर्देश पर आज जगन्नाथपुर विधानसभा कार्यालय में लद्दाख की गलवान घाटी में शहीद हुए भारत के वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी। इस मौके पर पवन सिंह, आमोद साव, बसंत गोप, घनश्याम कोड़ा, मंजीत प्रधान, चंचल यादव, सुमित महापात्रा, भरत लागुरी, अभिषेक सिरका, अरशद इकबाल, सरफराज, अभिजीत दास समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

डंगुवापोसी वासियों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि
लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के कायराना हमले के दौरान हुई झड़प में शहीद हुए भारतीय सेना के 20 जांबाज जवानों को डांगुवापोसी की आम जनता एवं महिलाओं ने स्थानीय बिरसा चौक पर श्रद्धांजलि दी. लोगों ने कैंडल जलाकर एवं दो मिनट का मौन धारण कर अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने कहा कि वीर शहीद जवानों के बलिदानों को देश हमेशा याद रखेगा। इस घटना में झारखंड के दो वीर सपूत कुंदन कांत ओझा और गणेश हांसदा भी वीरगति को प्राप्त हुए हैं। हमें अपने जांबाज वीर जवानों पर गर्व है, जिन्होंने मातृभूमि की खातिर वीरता से लड़ते हुए चीन की धोखेबाजी का करारा जवाब देते हुए दुश्मनों को मार कर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।






