
घाटशिला : घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने मनरेगा के तहत आदिवासी छात्रावास में वीर शहीद पोटो हो खेल मैदान निर्माण के लिए नारियल फोड़कर शिलान्यास किया. इस योजना के तहत कुल मानव दिवस 552 है. मौके पर विधायक ने संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार द्वारा विशेष रूप से प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तीन योजनाएं पारित की है. नीलाम्बर पीताम्बर, जल समृद्धि, वीर शहीद पोटो हो एवं बिरसा हरित ग्राम योजना राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक प्रखंड में संचालित किया जा रहा है.कहा की सरकार की यह योजना जन कल्याणकारी योजना है.सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए पोटो हो के तहत खेल मैदान का निर्माण कर रही है.कहा कि ग्रामीण सरकारी योजना से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ उठायें.मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार दास ने बताया गया कि प्रखंड में अब तक 11 पोटो हो खेल मैदान का निर्माण जारी है एवं बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 69.34 एकड़ की जमीन पर मिश्रित आम बागवानी योजना से कुल 74 लाभुकों को आच्छादित किया गया है.नीलाम्बर पीताम्बर जल समृद्धि योजना के तहत 1423 एकड़ की जमीन पर कुल 717 लाभुकों को रोजगार मुहैया कराया गया है. कुल 5270 प्रवासी मजदूरों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराया गया है. मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों से प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अपील किया है कि यदि उनके पंचायत में मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं को संचालित कराने का कोई विकल्प है तो इस संदर्भ में सूचित किया जाए ताकि प्रवासी मजदूरों एवम् अन्य ग्रामीणों को रोजगार देकर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ किया जा सके. मौके पर अंचलाधिकारी रिंकू कुमार, सहायक अभियंता संतोष कुमार, बीपीओ राजेश श्रीवास्तव, कनीय अभियंता सहित अन्य प्रखंड कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.







