नई दिल्ली : सहारा ग्रुप की कंपनियों में पैसा फंसे होने से चिंतित उसके निवेशकों के लिए अच्छी खबर आ रही है. जानकारी के अनुसार सहारा ग्रुप की कंपनियों के निवेशकों के पैसे वापस करने के लिए जल्द ही रिफंड पोर्टल लांच किये जाने की सूचना है. बताया गया है कि केंद्रीय गृह सह सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को सहारा रिफंड पोर्टल लांच करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार, 18 जुलाई को सुबह 11 बजे अटल अक्षय ऊर्जा भवन में यह पोर्टल लॉन्च करेंगे. इस पोर्टल के माध्यम से उन निवेशकों का पैसा उन्हें वापस दिलाया जायेगा, जिनके निवेश की अवधि पूरी हो गयी है. इस पोर्टल पर सहारा के निवेशकों को पैसा वापस पाने की पूरी प्रोसेस के बारे में बताया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
लाखों निवेशकों को होगा फायदा
ध्यान रहे कि सहारा इंडिया में देश के लाखों लोगों का पैसा फंसा हुआ है. सहारा ग्रुप की विभिन्न कंपनियों में लोगों ने अपना पैसा लगा रखा है और वे काफी समय से अपना पैसा मिलने का इंतजार कर रहे हैं. अब जिन लोगों के निवेश की अवधि पूरी हो गयी है, उन्हें जल्द ही उनका पैसा वापस मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. बताते चलें कि सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में अपने फैसले में सहारा इंडिया के सभी निवेशकों को सीआरसी के जरिए भुगतान कराने का निर्देश दिया था. बताते चलें कि वर्ष 2012 में सहारा-सेबी फंड बनाया गया था, जिसमें 24000 करोड़ रुपये जमा हैं. (नीचे भी पढ़ें)
क्या है पूरा मामला
याद रहे कि सहारा का यह विवाद वर्ष 2009 में तब शुरू हुआ था जब कंपनी ने अपना आइपीओ लाने की घोषणा की थी. आइपीओ के आते ही कंपनी की पोल खुल गई. सहारा न गलत तरीके से निवेशकों से 24 हजार करोड़ रुपये की रकम जुटाई थी. जो सेबी के सामने आने के बाद सेबी ने मामले की जांच शुरू की. जांच में एक के बाद एक अनियमितताएं खुलती गईं. मामले की जांच में बड़ा स्कैम सामने आया. इसके बाद सेबी ने कंपनी को निवेशकों के पैसा ब्याज समेत लौटाने का आदेश दिया. लेकिन बाद में यह मामला और उलझता चला गया, जिसके कारण उसके निवेशकों के पैसे विवाद में फंस गये और आज भी कंपनी के लाखों निवेशक अपने पैसे मिलने के इंतजार में बैठे हैं.



