जमशेदपुर : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) जमशेदपुर शाखा के वर्ष 2025-27 के लिए होने वाले चुनाव की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इस चुनाव को संपादित करने के लिए चुनाव अधिकारियों की भी घोषणा कर दी गयी है. इसमें डा उमाशंकर सिंह, डा आरएन प्रसाद, डा मनोज कुमार यादव, डा नीरज कुमार और डा मंजुला श्रीवास्तव शामिल है. इस घोषणा के साथ ही जमशेदपुर के चिकित्सकों के संगठन में चुनावी माहौल गर्म हो गया है. चुनाव आयोग, आइएमए जमशेदपुर शाखा की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, 22 फरवरी (रविवार) को साकची स्थित आइएमए भवन में मतदान कराया जाएगा. जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 20 जनवरी से हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 24 जनवरी से 1 फरवरी तक (रात 8 बजे तक) अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. इसके बाद 2 फरवरी से 5 फरवरी तक नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया चलेगी. (नीचे भी पढ़े)
सभी वैध उम्मीदवारों की सूची 6 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी. मतदान के दिन 22 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो रात 9 बजे तक पूरी होने की संभावना है. चुनाव परिणाम की औपचारिक घोषणा रात 9:30 बजे के आसपास की जाएगी. आइएमए जमशेदपुर शाखा के चुनाव को लेकर डाक्टरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. कई महत्वपूर्ण पदों पर सीधा मुकाबला होने के संकेत मिल रहे हैं. माना जा रहा है कि नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही दावेदारों की सक्रियता और चुनावी गतिविधियां तेज होंगी. चुनाव आयोग ने सभी सदस्यों से निर्धारित समयसीमा और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराया जा सके. फिलहाल आइएमए के अध्यक्ष डा. जीसी माझी और सचिव डा सौरभ चौधरी है.











