जमशेदपुर : झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही. एंबुलेंस सेवा ठप होने का सीधा असर अब जमशेदपुर के मरीजों और उनके परिजनों पर देखने को मिल रहा है. हालात ऐसे हैं कि लोगों को मजबूरी में कभी ऑटो, कभी बाइक तो कभी निजी गाड़ियों से मरीजों को अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है. अगर जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की बात करें तो शुक्रवार सुबह से ही यहां कुछ ऐसा ही नजारा दिखा. कोई अपने मरीज को ऑटो से लेकर अस्पताल पहुंच रहा था तो कोई बाइक पर बैठाकर इलाज के लिए ला रहा था. वहीं, कुछ लोगों को मजबूरी में निजी एंबुलेंस और दूसरी गाड़ियों का सहारा लेना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल, 108 एंबुलेंस सेवा का इस्तेमाल आमतौर पर जरूरतमंद और गरीब परिवार आपात् स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए करते हैं. लेकिन लगातार दूसरे दिन सेवा बाधित रहने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई परिजनों का कहना है कि एंबुलेंस के लिए कॉल करने के बावजूद उन्हें समय पर मदद नहीं मिल पा रही है. ऐसे में मरीज की जान बचाने और जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजन अपने स्तर से इंतजाम करने को मजबूर हैं. इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की जरूरत है, ताकि मरीजों को समय पर एंबुलेंस की सुविधा मिल सके और किसी की जान सिर्फ वाहन के इंतजार में खतरे में न पड़े.













