नई दिल्ली : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया का पांचवां बड़ा लिस्टेड स्टॉक एक्सचेंज बन गया है. उसने अमेरिका के नैस्डैक और हांगकांग के एचकेईएक्स (HKEX) को पछाड़ दिया है. एनएसई सितंबर में लिस्ट हुआ था. एनएसई के शेयरों में लगातार तीसरे दिन तेजी आई है. इन तीन दिनों में कंपनी का शेयर 8 फीसदी उछला है. इसके साथ ही एनएसई देश की 10वीं बड़ी वैल्यूएबल कंपनी बन गई है. (नीचे भी पढ़ें)
एनएसई का शेयर आज बीएसई पर कारोबार के दौरान 2.8 फीसदी उछाल के साथ 2,251 रुपये पर पहुंच गया. इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप 554499 करोड़ रुपये यानी 59.65 अरब डॉलर पर पहुंच गया. इसके साथ ही वह कोटक महिंद्रा बैंक (5.03 लाख करोड़ रुपये) और एलआइसी (5.15 लाख करोड़ रुपये) से आगे निकल गई. सोमवार को एनएसई का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा था. (नीचे भी पढ़ें)
नैस्डैक का मार्केट कैप 57.6 अरब डॉलर और हांगकांग एक्सचेंजेज एंड क्लीयरिंग का मार्केट कैप 57.38 अरब डॉलर है. न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की पेरेंट कंपनी इंटरनेशनल एक्सचेंज (आइसीई) दुनिया का सबसे बड़ा लिस्टेड स्टॉक एक्सचेंज है. इसका मार्केट कैप 95 अरब डॉलर है. एनएसई का शेयर 24 सितंबर को बीएसई पर लिस्ट हुआ. इस महीने इसमें अब तक 26 फीसदी तेजी आ चुकी है जबकि इस दौरान बेंचमार्क बीएसई में 10 फीसदी तेजी आई है. कंपनी का शेयर 1785 रुपये पर लिस्ट हुआ था और तबसे इसमें 23 फीसदी तेजी आई है. पिछले सत्र में यह 2,188.30 रुपये पर बंद हुआ था और आज 2,218.15 रुपये पर खुला. रिलायंस 18.38 लाख करोड़ रुपये के साथ भारत की मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी है. भारती एयरटेल 13.41 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे और जियो प्लेटफॉर्म्स 12.79 लाख करोड़ रुपये तीसरे नंबर पर है. उसके बाद एचडीएफसी बैंक, आइसीआइसीआइ बैंक, एसबीआइ, टीसीएस, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी का नंबर है.












