जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश मंत्री नन्दजी प्रसाद ने आयुष अस्पताल भवन के उद्घाटन को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधा है. उन्होंने अधूरी व्यवस्थाओं के बीच अस्पताल के उद्घाटन का विरोध करते हुए स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जब तक सभी व्यवस्थाएं पूरी न हो जाएं, तब तक उद्घाटन न किया जाए. नन्दजी प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं के कारण जनता के धन का दुरुपयोग हो रहा है. उन्होंने आयुष अस्पताल के उद्घाटन से पूर्व निरीक्षण कर उद्घाटन से मना करने के निर्णय पर स्थानीय विधायक सरयू राय का आभार जताया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने एमजीएम अस्पताल भवन के संदर्भ में कहा कि पूर्व में अधूरी व्यवस्थाओं के साथ किए गए उद्घाटन से कोल्हान क्षेत्र के लोगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका और आज भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में एमजीएम अस्पताल के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के लिए शिलान्यास किया गया था, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है. भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी अधूरी तैयारियों के साथ किसी भी स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन का विरोध करती है और जनहित में सभी सुविधाएं बहाल होने के बाद ही इसे शुरू किया जाना चाहिए.












