जमशेदपुर : जमशेदपुर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बागबेड़ा में विद्या विकास समिति झारखंड के जमशेदपुर विभाग के सह प्रमुख ब्रेन कुमार टुडू का गुमला स्थानांतरण होने के उपलक्ष्य में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के परिचय के साथ हुआ, जिसे विद्यालय के प्रधानाचार्य रंजय कुमार राय ने कराया. इसके उपरांत स्थानीय विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने ब्रेन कुमार टुडू को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)

दो वर्षों के कार्यकाल की हुई सराहना : इस अवसर पर सचिव अरविंद कुमार सिंह ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि श्री ब्रेन ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में जमशेदपुर विभाग के सभी विद्यालयों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का सराहनीय कार्य किया है. उनके कुशल मार्गदर्शन में भैया-बहनों के बोर्ड परीक्षा परिणामों और प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
बच्चों की साइकोलॉजी समझें शिक्षक: ब्रेन कुमार टुडू
अपने विदाई संबोधन में आचार्य-दीदी को प्रेरित करते हुए ब्रेन कुमार टुडू ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों को बच्चों की मनोस्थिति (साइकोलॉजी) को समझते हुए उनका मार्गदर्शन करने की आवश्यकता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कक्षा में सभी बच्चों पर समान ध्यान देने के साथ-साथ पढ़ाई में कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. साथ ही, उन्होंने शिक्षकों को बदलते समय के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट रखने की सलाह दी. कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति मंत्र के साथ हुआ. इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी जी और प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य उपस्थित रहे.












