
जमशेदपुर : कोल्हान के क्षेत्रीय एंटी करप्सन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने साकची थाना के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआइ) योगेंद्र राय को घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. योगेंद्र राय को साकची थाना परिसर स्थित ऊपरी तल्ले में बने मेस से ही एक दुकानदार से पैसे लेते हुए गिरफ्तार किया गया. बताया जाता है कि साकची थाना का एक दुकानदार ने अपनी दुकान साकची में लगा दी थी. यह ठेला की तरह का गुमटी लगाया गया था. एएसआइ उससे बदले में पैसे मांग रहा था और गाली-गलौज भी कर रहा था. इससे खफा होकर एएसआइ पर घूस मांगने का आरोप लगाते हुए एसीबी थाना सोनारी में एक मामला दर्ज कर दिया गया था. इसका सत्यापन किया गया, जिसके बाद एसीबी ने सुबह करीब ग्यारह बजे ही उसको रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. अब एसीबी उससे पूछताछ कर रही है.



