जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर बिग बाजार के समीप गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में टेंपो चालक सहित 10 लोग घायल हो गए. घायलों में एक महिला समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पारडीह की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार आगे आगे चल रही टेंपो से टकरा गई. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर उसके आगे चल रहे एक बाइक से जा भिड़ी. जोरदार टक्कर के कारण टेंपो कई बार पलट गया और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक, कार और टेंपो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. घायलों में बाइक चालक बिरसानगर जोन-1 बी निवासी ब्रिजेश्वर चौधरी (22), उसका साथी अनमोल सिंह (18), तुरियाबेड़ा निवासी टेंपो चालक सोनू घोष (45), पश्चिम बंगाल के सुपुडीह निवासी शोभारानी दास (25), उनकी मां सुलेखा दास (40), पिता शिवशंकर दास (42), हेत्याकोल निवासी देवकिशोर प्रमाणिक (35), बांगुड़दा निवासी कृष्ण कालिंदी, भीष्म पोद्दार सहित अन्य मजदूर शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
राजमिस्त्री शिवशंकर दास ने बताया कि वे सात मजदूर टेंपो से पारडीह से डिमना चौक जा रहे थे, जहां से उन्हें बस पकड़कर अपने गांव लौटना था. इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया. हादसे के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई. शोभारानी दास का करीब 3 वर्षीय पुत्र भी टेंपो में मौजूद था, लेकिन उसे खरोंच तक नहीं आई। वहीं बाइक सवार दोनों युवक एवं मजदूर देवकिशोर प्रमाणिक और सुलेखा दास की हालत गंभीर बनी हुई है.





