
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में मरने वाले युवक की पहचान हो गयी. मृतक सोनारी के जनता बस्ती का रहने वाला था, जिसकी पहचान 24 वर्षीय युवक रवि मछुआरा के रुप में हुई. बताया जाता है कि वह मछली मारने के लिए नदी किनारे जा रहा था, इसी बीच वह मरीन ड्राइव को पार कर रहा था कि किसी बड़ी गाड़ी ने उसको कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बताया जाता है कि गाड़ी को कुछ दूरी के बाद बाद में पकड़ भी लिया गया, जो टोल ब्रिज होकर भाग रहा था. उसके चालक को भी पकड़कर पिटाई की गयी. इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया. मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रवि के घर में उसका बड़ा भाई के अलावा माता-पिता है और मछली मारकर ही वे लोग अपना जीवनयापन करते है. इस घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन कदमा थाना पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. लोग कदमा स्थित राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और स्थानीय विधायक बन्ना गुप्ता के कार्यालय पर पहुंचे. कदमा-सोनारी प्रखंड के कांग्रेस अध्यक्ष बबुआ झा के नेतृत्व में गाड़ी के मालिक के साथ कदमा थाना में बातचीत हुई, जिसके बाद गाड़ी के मालिक ने 25 हजार रुपये का मुआवजा तत्काल दिया. इसके बाद हर संभव सहायता करने का आश्वासन भी दिया गया. इस दौरान उनके साथ दिनेश अग्रवाल, संजय सिंह, अनिल सिंह, अमित दास, बिसु दास, अमित दास, दिलीप साहू, सृष्टि, कैलाश समेत अन्य लोग मौजूद थे.







