जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा मैरिन ड्राइव पुल के पास एक भारी वाहन की चपेट में आने से सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित साई आंचलन निवासी 27 वर्षीय युवक शुभोदीप मित्रा की मौत हो गयी. उसके पिता की करीब तीन साल पहले ही मौत हुई थी. बताया जाता है कि शुभोदीप मित्रा किसी निजी कंपनी में कदमा में काम करता है. वहां से वह अपने घर बीती शाम करीब साढ़े छह बजे लौट रहा था. वह बाइक पर सवार था. इसी बीच अचानक से एक भारी वाहन की चपेट में वह आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. उसकी पहचान काफी देर बाद हुई. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वह अपने घर का कमाने वाला इकलौता चिरागा था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. धक्का मारने वाले वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.






