जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत डीबी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया. हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, कार (जेएच05 इपी 9444) ने सबसे पहले टीवीएस एक्सएल (जेएच 05 बीयू 8686) को जोरदार टक्कर मारी. टीवीएस एक्सएल सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और सड़क पर मौजूद तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल टीएमएच) पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है.




