जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित गोलचक्कर के पास शनिवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई. हादसे में बुलेट और पल्सर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल बुलेट सवार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान 38 वर्षीय गणेश शंकर मिश्रा के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के निवासी थे और वर्तमान में बर्मामाइंस क्षेत्र में रहकर काम करते थे. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक तौर पर मामला तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.




