
जमशेदपुर / आदित्यपुर : सुपर साइक्लोन यास की वजह से हुई बारिश के कारण शहर के दोनों नदियों में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है. जलस्तर बढ़ने की वजह ओड़िशा के बयांगबिल डैम से पानी छोड़ा गया है. बयांगबिल डैम के सहायक अभियंता अरुण केरकेट्टा ने बताया कि बयांगबिल डैम का 2 फाटक 0.6 मीटर खोलकर बुधवार दोपहर 2 बजे तक 380 क्यूमेक पानी छोड़ा गया है. 2 बजे के बाद फाटक बंद कर दिया गया. अभी फाटक खोलने की कोई योजना नहीं है. बयांगबिल फाटक से पानी छोड़ने की वजह से खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 4 फ़ीट ऊपर आ गया है, जिससे बागबेड़ा के नया बस्ती में पानी घुस गया है. वहीं आदित्यपुर के राम मड़ैया बस्ती के निचले इलाके में भी पानी घुस गया है. लेकिन किसी के घर मकान में प्रवेश नहीं किया है. वहीं सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान को पार कर करीब 1 मीटर ऊपर पर आ गया. इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. (नीचे भी पढ़ें)

चांडिल डैम में पानी काफी नीचे : अभियंता
चांडिल डैम में यास तूफान की वजह से हुई बारिश का कोई खास असर नहीं हुआ है. डैम के सहायक अभियंता प्रवीण तिर्की ने बताया कि डैम का जलस्तर अभी काफी नीचे है. इसलिए यहां से पानी छोड़ने का कोई निर्णय नहीं हुआ है.
दोनों नदियों का जलस्तर : सुवर्णरेखा (मानगो) : 121.76 मीटर, डेंजर लेवल 121 मीटर /खरकई (आदित्यपुर) : 133.03 फ़ीट, डेंजर लेवल 129 फ़ीट.



