
जमशेदपुर : महाराष्ट्र में पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी के खिलाफ जुलूस निकालने पर भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव समेत 50 से 60 लोगों के खिलाफ कोविड-19 के नियमों के तहत एफआइआर दायर कर दिाय गया है. साकची थाना में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार के बयान पर साकची थाना की पुलिस ने जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव समेत 50 से 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है. इस एफआइआर में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा है कि वे साकची थाना में इंसीडेंट कमांडर के रुप में प्रतिनियुक्त है. 5 नवंबर को भाजपा के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में 50 से 60 लोगों की भीड़ के साथ साकची गोलचक्कर पर मशाल जुलूस निकाला गया था. अर्नब गोस्वामी की महाराष्ट्र में गिरफ्तारी होने के विरोध में यह जुलूस निकाला गया और भाजपा कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक जुलूस की शक्ल में आकर प्रदर्शन किये थे. एफआइआर में कृष्ण कुमार ने कहा है कि उपरोक्त व्यक्तियों द्वारा किये गये प्रदर्शन से सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया उल्लंघन किया गया और बिना अनुमति के मशाल जुलूस का आयोजन किया गया और लॉकडाउन के निर्देशों का अननुपालन नहीं किया गया, जिससे कोरोना महामारी के संक्रमण बढ़ने की पूरी संभावना थी. इसको लेकर कार्रवाई की मांग की है. अब इस मामले में गिरफ्तारी करने की तैयारी की गयी है. आंदोलन के करीब एक सप्ताह के बाद यह एफआइआर गुरुवार को दर्ज किया गया है. इसको लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर ही सवाल उठाया जा रहा है.





