
जमशेदपुर : जमशेदपुर में प्रशासन एक्शन में नजर आया. इसको लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है. परसुडीह स्थित कृषि बाजार समिति में मिलावटी तेल को लेकर समिति के चेयरमैन सह एसडीओ पूरी टीम के साथ छापामारी करने पहुंचे.जमशेदपुर के परसुडीह स्थित बाजार समिति में नकली खाद्यान तेल की सूचना में जिला प्रशासन एसडीओ संदीप कुमार मीणा और बाजार समिति सचिव संजय कश्यप ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. इस अभियान में प्रशासन की ओर से रोहित एंड कंपनी को ओवन नामक दुकान से एक कंपनी का 1500 टीना तेल जब्त किया गया है. इसके अलावा एक दूसरी कंपनी का भी 100 टीना तेल जब्त किया गया है. जब्त किए गए तेल को बाजार समिति की निगरानी में रखा गया है. प्रशासन की ओर से तेल की जांच कराई जाएगी. पूछताछ में रोहित एंड कंपनी की ओर से बताया गया है कि तेल पश्चिम बंगाल से मंगाया गया है. हालांकि प्रशासन की ओर से इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी गई है. फिलहाल छापेमारी जारी रहेगी. इसके पहले भी साकची पुलिस ने साकची बाजार में नकली तेल बेचने की सूचना पर छापेमारी की थी. उन्होंने कई सारे तेल और रिफाइन तेल का भंडारण की जांच की. मिलावटी तेल की शिकायत के बाद टीम ने यहां जांच की, जिसकी जांच में अब तक कोई गड़बड़ी नहीं पायी गयी है. एसडीओ ने बताया है कि अभी जांच की जा रही है. जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जायेगी. दूसरी ओर, जमशेदपुर में प्रशासन ने बिष्टुपुर स्थित क्रिस्टल बिल्डिंग स्थित ब्लू डायमंड रेस्टोरेंट, बिरयानी हाउस और दोसा प्लेनेट को सील कर दिया गया. वहां कोरोना के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था. लगातार लोगों की भीड़ थी और कोरोना के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, जिसको देखते हुए दुकानों को सील किया गया.






